कोष बदल रहे हैं


कोष बदल रहे हैं 
मेरे दोष पिघल रहे हैं 
कुछ कोष मेरे शरीर में 
अभी अभी कह गए 
अलविदा 
ओह !
मुझे तो पता भी न चला 
कुछ नए कोष 
उपज गए हैं 
परतें मेरे शरीर से 
खिर गयीं 
कुछ उम्र की 
घड़ियाँ 
चलते चलते 
गिर गयीं 
ओह ! 
मुझे तो पता भी न चला 
अभी चेहरे पे लकीर हँसी की 
और अब , नहीं थी 
विचारों की लहर 
कभी जाना पहचाना 
अभी अजनबी-सा शहर 
कुछ नए चेहरे 
कुछ बिछड़ते 
गिरते , उभरते , ठहरते 
चेहरे 
कुछ नए नकाब 
तो चंद उतरते चेहरे 
परिवर्तन है , 
शायद यही जीवन है 
मैं अगर मैं ही रहूं 
तो मौत है 
मैं चढ़ता चलूँ 
तो है ज़िंदगी 
तू अगर तू ही रहे 
तो मैं ख़्वाब देख रहा हूँ 
तू मुझे सुधरने पे मजबूर कर दे 
तो है बंदगी 
कोष बदल रहे हैं 
मेरे दोष पिघल रहे हैं 


नितिन शर्मा - ०६/०१/२२

टिप्पणियाँ